अलवर , जनवरी 14 -- राजस्थान में अलवर शहर के कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर सेना की ओर से बुधवार को 10वां 'वेटरन डे 'गरिमामय माहौल में मनाया गया।

सैन्य सूत्रोंं ने बताया कि इस अवसर पर देश की रक्षा में योगदान देने वाले पूर्व जांबाज सैनिकों को सम्मानित किया गया, वहीं मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर की गई।

इस अवसर पर थल सेना, नौसेना और वायु सेना तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिकों के लिए यह आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिक और सैन्य अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वीरांगनाओं को भी विशेष सम्मान दिया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिससे माहौल भावुक हो उठा।

कार्यक्रम में एडम कमांडेंट राहुल कुमार और जिला सैनिक अधिकारी कर्नल सिहाग विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों का योगदान अमूल्य है और समाज को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से भी देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित