भोपाल , सितंबर 01 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी 15 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाली 'सेना दिवस परेड-2027' की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन भोपाल के लिए गौरव का विषय है। सभी संबंधित विभाग अपने-अपने सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण जवाबदेही और उत्कृष्ट समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने भारतीय सेना के कर्नल सनी जुनेजा एवं कर्नल सुब्रत मिश्रा के साथ सतत संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सेना दिवस परेड के विशिष्ट मानकों और आवश्यकताओं के अनुरूप सैन्य अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों एवं दिशा-निर्देशों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पालन किया जाए, ताकि समारोह को भव्यता और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।
बैठक में कर्नल सनी जुनेजा, कर्नल सुब्रत मिश्रा, एडीएम महेंद्र कवचे, एसडीएम आशुतोष शर्मा, निधि चौकसे, लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश विद्युत विभाग, नगर पालिक निगम भोपाल, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल), राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित