हैदराबाद , सितंबर 11 -- तेलंगाना पुलिस ने यहां मद्रास रेजीमेंट की 20वीं बटालियन के शस्त्रागार और मैगजीन रूम से आधुनिक हथियारों तथा गोला-बारूद की शातिराना चोरी के मामले में घटना के 11 दिन बाद शुक्रवार को एक सेवानिवृत्त हवलदार को गिरफ्तार कर लिया।

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सी. वी. आनंद ने बताया कि आरोपी को बोल्लोरम पुलिस, हैदराबाद सिटी पुलिस टास्क फोर्स और मल्काजगिरि कमिश्नरेट की विशेष अभियान टीम के संयुक्त अभियान में पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागकरणूल जिले के अमराबाद निवासी उप्पुथुला मल्लेश (37) के रूप में हुई है, जो मद्रास रेजीमेंट की 20वीं बटालियन का सेवानिवृत्त हवलदार है। मल्लेश वर्ष 2010 में सेना में शामिल हुआ था और 16 साल की सेवा के बाद इसी साल 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुआ था।

डीजीपी के अनुसार, यह दुस्साहसिक चोरी 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात को हुई थी, जब आरोपी कथित तौर पर रात करीब 11 बजे यूनिट परिसर में घुसा और शस्त्रागार से चार एके-203 राइफलें, एक इंसास राइफल, छह 9 एमएम पिस्तौल, एक नागरिक पिस्तौल, पांच मैगजीन तथा नाइट-विज़न दूरबीन चुराकर फरार हो गया। इसके अलावा, वह पिस्तौल और राइफलों के विभिन्न किस्म के 1,887 राउंड कारतूस भी चुरा ले गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित