नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- सेना और वायु सेना के नेत्र- चिकित्सकों की एक अत्यंत विशिष्ट टीम ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित 12 वायु सेना अस्पताल में नेत्र चिकित्सा शिविर के पहले ही दिन 100 से अधिक सफल सर्जरी की जिनमें उन्नत मोतियाबिंद , ग्लूकोमा तथा जटिल रेटिना सर्जरी शामिल हैं। यह टीम सेना के रिसर्च एंड रैफरल अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के प्रमुख एवं वरिष्ठ सलाहकार ब्रिगेडियर (डॉ.) संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कार्य कर रही है। टीम ने विश्वस्तरीय चिकित्सीय उपकरणों का उपयोग किया जिन्हें वायु सेना के विमान में वहां पहुंचाया गया था।
शिविर में पूर्व सैनिकों, सेवारत कर्मियों के आश्रितों तथा वंचित नागरिकों के लिए व्यापक नेत्र-जांच का काम किया जा रहा है और आने वाले दिनों में शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों के आने की अपेक्षा है। शिविर का उद्घाटन सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की महानिदेशक वाइस एडमिरल आरती सरीन तथा महानिदेशक चिकित्सा सेवाएं (वायु) एयर मार्शल संदीप थारेजा की उपस्थिति में हुआ। शिविर 27 फरवरी तक चलेगा और इस दौरान 300 से अधिक सर्जरी निर्धारित हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित