चंडीगढ़ , मई 25 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में खुलेआम शराब परोसने के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने डीजे मालिक राजेश सचदेवा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक शराब ठेके के बाहर नयी शराब ब्रांड के प्रमोशन के लिए लोगों को मुफ्त में शराब पिलाई जा रही थी।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आयी। वीडियो में लोगों को बर्फ की चुस्की में वोदका मिलाकर बांटते देखा गया। बताया गया कि यह वीडियो पहले इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जिसे विवाद बढ़ने के बाद हटा दिया गया।

चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव ने कहा कि संबंधित शराब ठेके के लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके के बाहर प्रमोशनल स्टॉल लगाया गया था, जहां जामुन फ्लेवर की चुस्की में वोदका मिलाकर लोगों को दी जा रही थी। वीडियो में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां स्टॉल के आसपास नजर आये।

हैरानी की बात यह रही कि यह आयोजन कई घंटों तक पुलिस मुख्यालय, डीजीपी कार्यालय और प्रशासक कार्यालय से कुछ ही दूरी पर चलता रहा, लेकिन प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगी। मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। शराब ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित