चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाना पुलिस ने सेक्टर-7 स्थित एक क्लब में छात्र के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी, हथियार लहराने और कार से लोगों को कुचलने की कोशिश के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत फिरोजपुर निवासी ध्रुव त्रेहन ने दी है, जो फ्रांस के ईडीएचईसी बिजनेस स्कूल में मास्टर्स इन फाइनेंस का छात्र है। पुलिस ने अनिकेत गुप्ता, जगदीप सिंह कंग उर्फ जग्गी, बलदीप सिंह सराओ उर्फ बाली और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना 12 जुलाई की रात करीब दो बजे सेक्टर-7 स्थित क्लब में हुई। शिकायतकर्ता अपने दोस्त स्वपन थिंद के साथ क्लब के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक युवक से कहासुनी हो गयी। बीच-बचाव करने पर आरोप है कि युवक ने उसकी उंगलियां मरोड़ दीं। बाद में आरोपी की पहचान अनिकेत गुप्ता के रूप में हुई, जिसने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया।

एफआईआर के मुताबिक आरोपियों ने शिकायतकर्ता के चेहरे और सिर पर मुक्के और लातों से हमला किया तथा धातु के कड़े से भी वार किए। आरोप है कि मेज उठाकर उसके सिर पर फेंकी गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके बाएं कान की सुनने की क्षमता प्रभावित हुई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी ने खुद को न्यायाधीश का पुत्र बताते हुए उसे और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार बाद में आरोपी कार से हथियार निकालकर लौटे, पिस्तौल लहराई और शिकायतकर्ता को तलाशने लगे। इसके बाद वे बीएमडब्ल्यू एक्स-7 में सवार होकर क्लब मालिक, उनके साथियों और अन्य लोगों को कुचलने की कोशिश करते हुए फरार हो गए। इस दौरान पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गयीं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल के बाद शिकायत के आधार पर बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक आंचल कुमारी को सौंपी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित