चंडीगढ़ , मार्च 22 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-38 में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक्टिवा पर जा रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी। यह वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल देखने को मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपने काम से कहीं जा रहा था, तभी अचानक दो अज्ञात हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर उसके करीब पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन-39 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। इसके अलावा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित