चित्तौड़गढ़ , जुलाई 27 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ पुलिस के चोरी निरोधक विशेष दल ने उच्च तकनीकयुक्त कारों के सेंसर हैक करके कार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करके गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने सोमवार को बताया कि गत दिनों कोतवाली थाना क्षेत्र में सुभाष नगर कालोनी में घर के बाहर खडी़ क्रेटा टॉप मॉडल को कुछ अज्ञात व्यक्ति जीपीएस हैक करके चुरा कर ले गये। घटना के खुलासे के लिए जिला विशेष दल (चोरी निरोधक ) के एक विशेष दल का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि दल ने चित्तौड़गढ़ में लगे हुऐ सीसीटीवी फुटेज एवं घटना स्थल से लेकर बांसवाडा, इन्दौर, अहमदाबाद, महाराष्ट्र तक के सीसीटीवी कैमरों की मदद से गुजरात के अहमदाबाद निवासी सरफराज और दीपक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ये कारें उन्होंने मोहसिन और उसके दो अन्य साथियों से खरीदी।
इस गिरोह ने अलग-अलग जिलों एवं राज्यों से छह क्रेटा कारें चोरी की वारदातें कीं। इन कारों को उन्होंने सरफराज और दीपक को बेचा। चित्तौड़गढ़ से चुराई गई क्रेटा कार को इन्दौर से बरामद किया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी है जिनसे ओर भी चोरी के वाहनों के खुलासा होने की संभावना है। गिरोह के मुख्य सरगना एवं अन्य की भी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित