रायबरेली , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला न्यायालय स्थित जिले की सबसे बड़ी अधिवक्ता संस्था सेंट्रल बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के चुनाव में सुरेश चंद्र यादव अध्यक्ष तथा संजय प्रताप सिंह महामंत्री निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी द्वारा परिणाम घोषित किए जाने के साथ ही नई कार्यकारिणी की भी घोषणा कर दी गई।

शनिवार को हुए मतदान में अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे। पिछले चुनाव के उपविजेता रहे सुरेश चंद्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शशिकांत पांडेय को 100 से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं महामंत्री पद पर संजय प्रताप सिंह ने रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल की।

रविवार देर रात तक चली मतगणना के बाद एल्डर्स कमेटी ने सोमवार को अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा की। कमेटी के अनुसार बड़ी संख्या में अधिवक्ता देर रात तक मतगणना प्रक्रिया में व्यस्त रहे, जिसके चलते न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया गया।

घोषित परिणाम के अनुसार वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अनूप श्रीवास्तव निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष (मध्य) पद पर संतोष शुक्ला और संजय शर्मा तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सचिन श्रीवास्तव विजयी रहे।

संयुक्त मंत्री पद पर दिवाकर सिंह, नारायण स्वरूप पाण्डेय तथा विपुलेश श्रीवास्तव निर्वाचित हुए। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अशोक कुमार चौधरी, इरशाद अहमद खान, उदय प्रताप सिंह, नीरज कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार सिंह चौधरी और मीना कुमारी चुने गए।

इसी प्रकार कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अभय सिंह राठौर (मेजर), आकाश सोनकर, गौरव शर्मा, हिमांशु शर्मा, विनोद कुमार मौर्य तथा विवेक सिंह (गौरव) निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम घोषित होने के बाद जिला न्यायालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। विजयी प्रत्याशियों का समर्थकों और अधिवक्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बार के हितों की रक्षा, अधिवक्ताओं के कल्याण तथा न्यायिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित