सेंट्रल नोएडा , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन फेस दो थाना पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के स्नैच किए गए 22 कीमती मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
सेंट्रल नोएडा पुलिस उपायुक्त श्री शैलेन्द्र कुमार द्वारा आज संवादाताओं को जानकारी दी गई जहां उन्होंने बताया कि, यह कार्रवाई बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से की गई।
फेस दो थाना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भंगेल स्थित गंदे नाले वाली रोड से मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष चौधरी और फारूख उर्फ सफीया के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। यह मोटरसाइकिल चोरी की है। दोनों आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए।
बरामद मोटरसाइकिल के चोरी के संबंध में फेस दो थाना पर मु0अ0सं0 135/2026, धारा 303(2) बीएनएस मुकदमा पंजीकृत है।
पुलिस द्वारा जांच पड़ताल पर ज्ञात हुआ कि, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और बदायूं के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, चोरी का माल रखने, अवैध हथियार, एनडीपीएस, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।
जिसमें संतोष चौधरी के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित