सेंट्रल नोएडा , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन के बिसरख थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दूसरे साथी को कांबिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, 11,450 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, ताला तोड़ने के उपकरण और अवैध तमंचा बरामद करने का किया है।

सेंट्रल नोएडा पुलिस उपायुक्त डॉ, प्रवीण रंजन सिंह ने शुक्रवार को संवादाताओं को बताया कि, स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार रात रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की ओर से तेज गति से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया।

मोटरसाइकिल सवार रुकने के बजाय वाहन मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो वे रोजा याकूबपुर स्थित छह प्रतिशत पार्क सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जहां आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (38) निवासी बरखैड़ा, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी, हाल निवासी ग्राम भूड़ा, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

वहीं, उसके साथी पिंटू (33) निवासी छतरपुर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी, हाल निवासी जय विहार एक्सटेंशन, पश्चिमी दिल्ली को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए भेजा गया।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में सामने आया कि, आरोपियों ने 27 अगस्त को सीएचसी बिसरख परिसर में स्थित एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चोरी किए थे। इस मामले में थाना बिसरख में मुकदमा संख्या 641/2026 दर्ज है। इसके अलावा, 13 अक्टूबर को रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी करने की बात भी आरोपियों ने पूछताछ में बताई। इस संबंध में मुकदमा संख्या 781/2026 दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित