सेंट्रल नोएडा , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा सेक्टर-63 थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है।
सेंट्रल नोएडा डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि,सेक्टर-63 थाना पुलिस को वाहन चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिंडन नदी के पुल के नीचे 25 फुटा रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से पुलिस को जानकारी मिली कि वे दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर वाहनों को चोरी कर लेते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को तत्काल बेचने के बजाय वे उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे।
आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को पार्किंग, सड़क किनारे और ग्रीन बेल्ट जैसे स्थानों पर खड़ा कर देते थे। जरूरत के अनुसार इन मोटरसाइकिलों को बदल-बदलकर इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में करते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिलों को दोबारा अलग-अलग स्थानों पर खड़ा कर दिया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच दिया जाता था। पुलिस अब बरामद की गई सभी मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनमें से कितने वाहन किन-किन थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकत अली पुत्र मोहम्मद मियां और पवन कुमार पुत्र रमेश चंद्र के रूप में की है।
शौकत अली, निवासी नई सराय, थाना कोतवाली, जनपद बदायूं, वर्तमान में ग्राम चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित