पंचकूला , जुलाई 13 -- हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त सृष्टि गुप्ता को भावभीनी विदाई दी गयी। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके नेतृत्व, कार्यशैली और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पुष्पवर्षा की तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

अपने कार्यकाल के दौरान सुश्री गुप्ता ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की। साथ ही आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने के लिए कई जनहितकारी पहल शुरू कीं। शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं को नशे और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाये, जबकि पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए भी प्रेरित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

चार जून 2025 से 13 जुलाई 2026 तक के उनके कार्यकाल में पंचकूला जिले में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। इस अवधि में महिला संबंधी अपराधों में 26 प्रतिशत, वाहन चोरी में 27.5 प्रतिशत, चोरी की घटनाओं में 31 प्रतिशत, स्नैचिंग की वारदातों में 30 प्रतिशत तथा सेंधमारी के मामलों में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई।

विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन उपलब्धियों का श्रेय सुश्री गुप्ता के प्रभावी नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और टीम भावना को दिया। अपने संबोधन में सुश्री गुप्ता ने सभी सफलताओं का श्रेय पंचकूला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धियां पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम हैं। उन्होंने सभी का सहयोग और स्नेह के लिए आभार भी व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित