बहराइच , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं बहराइच जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को महाराजा सुहेलदेव स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने इमरजेंसी कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और भर्ती मरीजों के तीमारदारों से चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।

निरीक्षण के उपरांत श्री शाही ने कहा कि यह अस्पताल काफी पुराना है और इसी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किया गया था। उन्होंने कहा कि मरीजों से बातचीत में यहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। यदि कहीं कोई कमी होगी तो उसे शीघ्र दूर कराया जाएगा।

इस दौरान विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, चिकित्सालय के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री, पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित