न्यू चंडीगढ़ , मई 30 -- राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आईपीएल 2026 में इस युवा बल्लेबाज़ का प्रदर्शन क़रीब से देखने के बाद संगकारा को लगता है कि जल्दी ही उन्हें भारतीय टीम में शामिल कर लिया जाएगा।
सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा और इनमें से 684 रन सिर्फ़ चौकों और छक्कों से आए।
क्वालीफ़ायर 2 में गुजरात टाइटंस से हार के बाद संगकारा ने कहा, "वैभव ने दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि उन्हें बहुत जल्द टीम इंडिया से बुलावा आएगा। उन्होंने काफ़ी परिपक्वता के साथ बल्लेबाज़ी की है और इस सीज़न सलामी बल्लेबाज़ की जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाई है।"शनिवार को न्यू चंडीगढ़ की दोहरे गति वाली पिच पर जीटी के लंबे तेज़ गेंदबाज़ों ने सूर्यवंशी को लगातार शॉर्ट गेंदों से परखा। लेकिन शुरुआती चुनौती झेलने के बाद उन्होंने 47 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली। दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे, फिर भी उन्होंने पारी को संभाले रखा।
संगकारा उनके दबाव में शांत रहने के गुण से खासे प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा, "हमने उनके लिए एक साफ़ योजना बनाई हुई है। हम उनके दिमाग़ में बहुत ज़्यादा बातें नहीं भरते। वह हमारी सभी टीम मीटिंग्स में शामिल होते हैं, अपनी राय देते हैं और ध्यान से सब कुछ सुनते भी हैं। वह काफ़ी तैयारी करते हैं, गेंदबाज़ों को अच्छी तरह पढ़ते हैं, उनके वीडियो देखते हैं और खु़द को बेहतरीन तरीके से तैयार करता है। इसलिए हम उनके दिमाग़ में कोई अनावश्यक विचार नहीं डालना चाहते। साफ़ सोच और निडर बल्लेबाज़ी ही हम उनसे देखना चाहते हैं।"इस सीजन आरआर को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सैम करन चोट के कारण पूरा टूर्नामेंट नहीं खेल सके, जबकि कप्तान रियान पराग और रवींद्र जडेजा भी सीजन के अंतिम हिस्से में चोटों से जूझते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित