बेतिया , अक्टूबर 29 -- िहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र से दुर्गा पूजा का मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकलीं तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने गुजरात के सूरत से सकुशल बरामद कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर-01 अजीत कुमार ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को मझौलिया थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री अपनी दो सहेलियों के साथ 21 अक्टूबर को दुर्गा पूजा का मेला देखने मझौलिया बाजार गई थी। इसके बाद तीनों घर नहीं लौटीं। महिला के आवेदन पर मझौलिया थाना में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर गुजरात के सूरत शहर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि बरामद तीनों लड़कियों और निरुद्ध बालक को 28 अक्टूबर की रात सूरत से बेतिया लाया गया। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित