धार , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के सरदारपुर नगर स्थित भोपावर चौकी के पास मंगलवार देर रात सूरत से कानपुर जा रही यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
दुर्घटना देर रात करीब 01 बजकर 10 मिनट पर हुआ। यात्रियों के अनुसार बस में धुआं उठता देख चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। धुआं भरने के बाद यात्रियों ने मुख्य दरवाजे के साथ ही खिड़कियों से बाहर निकलने का प्रयास किया। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि अधिकांश यात्रियों का सामान, नगदी और कपड़े जलकर नष्ट हो गए।
सूचना मिलने पर सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग का एक हिस्सा बंद कर यातायात को दूसरे रास्ते से निकाला। दमकल वाहनों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस क्रमांक UP 83 BT 3947 पूरी तरह जल चुकी थी।
यात्रियों ने बताया कि सूरत और गुजरात के अन्य शहरों से रवाना हुई बस को दाहोद के पास एक होटल पर करीब चार घंटे रोककर तकनीकी मरम्मत कराई गई थी। इसके बाद बस आगे के लिए रवाना हुई थी।
कानपुर निवासी यात्री नीलम पाल ने बताया कि वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ गांव जा रही थीं। बस में धुआं भरने पर उन्होंने पहले बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और फिर स्वयं भी बाहर कूदकर जान बचाई। हालांकि उनके बैग में रखी नकदी, चांदी की पायजेब और कपड़े जल गए।
पुलिस प्रशासन ने हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए इंदौर की ओर जाने वाली अन्य यात्री बसों को रुकवाया और प्रभावित यात्रियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार दूसरी बसों से रवाना कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित