श्रीगंगानगर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में गंगानगर स्थापना दिवस-2026 के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है।

स्थापना दिवस कार्यक्रमों की कड़ी में 26 अक्टूबर को सुबह शिवपुर हैड पर पूजा-अर्चना कार्यक्रम और शाम को सूरतगढ में "एक शाम धोरों के नाम" कार्यक्रम अपराह्न चार बजे से आरम्भ होगा।

जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि गंगानगर स्थापना दिवस के तहत 22 अक्टूबर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। 26 अक्टूबर को प्रातः सात बजे महाराजा गंगासिंह स्टेच्यू सर्किल पर माल्यार्पण होगा। लोक कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया जाएगा। सुबह सवा आठ बजे शिवपुर हैड पर पूजा-अर्चना के बाद सवा नौ बजे पौधारोपण कार्यक्रम होगा। इस दौरान लोक कला संस्कृति से संबधित कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां भी दी जायेंगी।

सूरतगढ में 26 अक्टूबर की शाम को "एक शाम धोरों के नाम" कार्यक्रम अपराह्न बजे से रात साढ़े आठ बजे तक होगा। इस दौरान ऊंट नृत्य, ऊंट की सवारी, ऊंट गाडा सफारी, जीप सफारी सहित अन्य गतिविधियां की जायेंगी। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न अंचलों की लोक कला संस्कृति से संबधित कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जायेंगी।

पर्यटन विभाग के अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और लोक गायन की प्रस्तुतियां होंगी। पंजाब के लोक नृत्य ढोल की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस दौरान सूरतगढ़ का मस्क बीण लोक नृत्य, बीकानेर की कच्ची घोड़ी, श्रीगंगानगर का पंजाबी ढोल और बीकानेर के रौबीले ग्रुप की प्रस्तुतियां भी होंगी।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा जैसलमेर के लंगा-मांगणियार कलाकार लोक गायन और जुगलबंदी पेश करेंगे। जोधपुर की कालबेलिया पार्टी का लोक नृत्य, बीकानेर का भवई नृत्य, तराजू एवं चकरी नृत्य, बालोतरा का लालगैर आंगी नृत्य, किशनगढ़ का चरी लोक नृत्य और श्रीगंगानगर का पंजाबी लोक नृत्य भी होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित