श्रीगंगानगर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक स्कूल की बाल वाहिनी अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलटने से एक बालिका घायल हो गई जबकि अन्य बच्चें सुरक्षित बच गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मानकसर-अनूपगढ़ राजकीय राजमार्ग पर सुबह करीब साढ़े सात बजे आसपास के ग्रामीण इलाकों से बच्चों को स्कूल ले जा रही टैगोर स्कूल की बाल वाहिनी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से काफी नीचे स्थित खेत में पलट गई।

बाल वाहिनी में उस समय कई बच्चे सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। भाग्यवश इस घटना में सिर्फ एक बालिका को चोटें आईं, जिसे तुरंत सूरतगढ़ के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। शेष सभी बच्चे सकुशल हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस चालक ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि बस का स्टेयरिंग अचानक ढीला हो गया जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित