श्रीगंगानगर , जनवरी 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में नए न्यायालय भवन निर्माण का बजट आवंटन एवं एक और अतिरिक्त जिला न्यायालय खोलने की मांग को लेकर बार संघ न्यायिक के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार से आंदोलन शुरू कर दिया।

आंदोलन के तहत कार्य स्थगित करके परिसर में धरना शुरू किया गया। अधिवक्ता सुभाष बिश्नोई ने बताया कि दोनों मांगों को लेकर बार संघ न्यायिक अध्यक्ष अनिल भार्गव के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति श्रीगंगानगर जिले के निरक्षण न्यायाधीश, विधि एवं कानून मंत्री सहित राज्य सरकार के मंत्रियों एवं सचिवों से मिलने जयपुर गया है।

उन्होंने बताया कि जयपुर गए प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता ठाकुरसिंह भमराह, विष्णु शर्मा, सतवीर सिहाग, संजय सोढ़ा एवं श्यामसुंदर शर्मा शामिल हैं। अधिवक्ता बिश्नोई ने बताया कि न्यायालय भवन के लिए भूमि का आवंटन हुए लंबा समय हो गया, इसके बावजूद सरकार ने भवन निर्माण का बजट आवंटित नहीं किया। इससे अधिवक्ताओं में रोष है।

अधिवक्ताओं ने कहा कि पुराना भवन में अपर्याप्त जगह एवं जर्जर होने के साथ बरसात में छतों से पानी टपकने से जनहानि होने की आशंका बनी रहती है। यही नहीं कार्यालयों में फाइलें रखने तक की जगह नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित