श्रीगंगानगर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ भामस के प्रदेशाध्यक्ष सतीश चमोला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर संयंत्र के मुख्य अभियंता आर.के. शर्मा को दो सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।

संघ की पहली मांग संयंत्र में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को आर-4 प्रकार के आवास प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किए जाने की है। कर्मचारियों का कहना है कि आवास की कमी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दूसरी मांग संयंत्र परिसर की स्वच्छता को लेकर है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि संयंत्र क्षेत्र में घूम रहे सूअरों को तुरंत पकड़कर हटाया जाए ताकि स्वच्छता बनी रहे और संक्रामक बीमारियों का खतरा कम हो सके।

इस अवसर पर संघ के इकाई अध्यक्ष सुखदेवराज, संयुक्त व्यवस्था परिषद सदस्य रामेंद्र शर्मा, ईकाई कोषाध्यक्ष सुनील जालप सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य अभियंता आर.के. शर्मा ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित