सूरजपुर , अक्टूबर 20 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में विजयादशमी के अवसर पर आज भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 60 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। महोत्सव में मेरठ से आए कलाकारों की आकर्षक झांकियां, भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन, धार्मिक प्रस्तुतियां और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे।
सूरजपुर सेवा समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल ने बताया कि दशहरा महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर की सभी दुर्गा पूजा समितियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। सूरजपुर में पिछले करीब 20 वर्षों से दशहरा महोत्सव की परंपरा लगातार निभाई जा रही है।
आयोजन के तहत दोपहर 3 बजे अग्रसेन भवन से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। आकर्षक झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों से सजी यह शोभायात्रा भैयाथान रोड, मेन रोड और नवापारा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अग्रसेन स्टेडियम पहुंचेगी। यहां मुख्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम और रावण के बीच संवाद तथा युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा राम दरबार, शिव महिमा, शिव तांडव और शिव विवाह की प्रस्तुतियां भी होंगी। धार्मिक भजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य केवल रावण दहन तक सीमित नहीं है, बल्कि भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों के माध्यम से समाज को मर्यादा, पारिवारिक संबंधों और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देना भी है।
समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल और सचिव रामकृष्ण ओझा ने बताया कि आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर पर्व को उत्साह के साथ मनाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित