भोपाल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश पुलिस में सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग भर्ती वर्ष-2025 के अंतिम परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ परीक्षण, चरित्र सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया 27 जुलाई को प्रदेश के चार नोडल केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, चयन मंडल भोपाल द्वारा अंतिम परिणाम जारी किए जाने के बाद नियुक्ति संबंधी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इससे संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, आवश्यक निर्देश एवं अन्य जानकारी चयन मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भोपाल जिले के अभ्यर्थियों का परीक्षण पुलिस उपायुक्त (नगरीय पुलिस) कार्यालय भोपाल, इंदौर जिले का पुलिस उपायुक्त (नगरीय पुलिस) कार्यालय इंदौर, ग्वालियर जिले का पुलिस अधीक्षक कार्यालय ग्वालियर तथा जबलपुर जिले का पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में किया जाएगा।

चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध और सुचारु रूप से पूरी की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित