दंतेवाड़ा , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम पातररास स्थित एक सूने मकान में डंप कर रखी गई 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई 03 अप्रैल को प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर की गई, जिसमें इलाके के एक मकान में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखने की जानकारी मिली थी।

शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सूचना मिलते ही पातररास पटवारी कॉलोनी के आगे बताए गए स्थान पर पहुंची। मौके पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर खड़ी एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की तलाशी शुरू की।

मकान के एक कमरे की जांच के दौरान कुल 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने जब्त शराब और दोनों वाहनों को विधिवत जप्त कर लिया। जब्त वाहनों में हीरो होंडा ग्लैमर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 05 सी 1162) और एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक सीजी 17 केडी 4044) शामिल हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 53 हजार 200 रुपये आंकी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित