धार , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धरमपुरी नगर के मक्का मोहल्ले में सूने मकान में चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मक्का मोहल्ला निवासी सोहेल पिता मकबूल खान ने आठ अक्टूबर को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह सुबह करीब नौ बजे परिवार के साथ अपने पिता का इलाज कराने इंदौर गया था। रात करीब 11 बजे लौटने पर घर की खिड़की टूटी मिली और अलमारी का लॉकर भी खुला हुआ था। उसमें रखे आभूषण और नकदी गायब थे। अज्ञात बदमाश खिड़की तोड़कर घर में घुसे थे।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और मनावर के प्रभारी एसडीओपी प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें ताहिर उर्फ लालू (23), निवासी मक्का मोहल्ला, धरमपुरी; आवेश उर्फ राजा (20), निवासी पुनर्वास, धरमपुरी; और फैजान उर्फ फैजु (22), निवासी चंदन नगर, इंदौर, हाल मुकाम मक्का कॉलोनी, धरमपुरी शामिल हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक रवि वास्के, सहायक उपनिरीक्षक रजाक खान और दिनेश सिसोदिया सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित