अलवर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यालय के पास अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि वह रामपाल सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं, जबकि मकान मालिक बाहर रहते हैं। मुकेश मीणा 18 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ सूरतगढ़ गए हुए थे। बुधवार सुबह जब वह लौटे तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो उनके कमरे और मकान मालिक के कमरे के ताले भी टूटे हुए थे। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया और मकान मालिक को फोन पर घटना की जानकारी दी।
पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोर उनके कमरे से करीब डेढ़ तोले का सोने का पेंडल, चांदी की पायजेब, बिछिया और बच्चों के करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। वहीं, मकान मालिक के कमरे से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसका पता उनके लौटने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित