छिंदवाड़ा , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मरकावाड़ा में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस ने सिवनी जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपए कीमत का चोरी का मशरूका और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मरकावाड़ा निवासी राजा कुमार यादव ने 29 जुलाई को अमरवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई की दोपहर से 29 जुलाई की सुबह के बीच परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 508/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस ने तीन युवकों को संदेह के आधार पर पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मौसम उर्फ शशांक निर्मलकर (20), अभिषेक डेहरिया (19) और अंशुल उर्फ शिवांश डेहरिया (20), निवासी ग्राम जाम, थाना लखनवाड़ा, जिला सिवनी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार तीनों ने मरकावाड़ा में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल सहित करीब चार लाख रुपए कीमत का मशरूका बरामद किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित