नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को भलस्वा स्थित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) आवास परियोजना का निरीक्षण कर मरम्मत और विस्तार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
श्री सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गी बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों को सम्मानजनक और बेहतर आवास उपलब्ध कराने के लिए इस परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से पुराने ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का विस्तार कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों, कमरों के आकार, नई फ्लोरिंग और अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किये जायें, ताकि लाभार्थी परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गरिमापूर्ण आवास मिल सके।
श्री सूद ने कहा कि पहले से निर्मित आवासों की संरचना का अधिकतम उपयोग करते हुए उनका चार से पांच वर्ग मीटर तक विस्तार किया जा रहा है। इससे करदाताओं के धन का बेहतर उपयोग होगा और गरीब परिवारों को अधिक सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मकान देना नहीं, बल्कि ऐसा आवास उपलब्ध कराना है जिसमें परिवार सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन यापन कर सकें।
पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए श्री सूद ने कहा कि वर्षों तक प्रक्रियागत बाधाओं और राजनीतिक निर्णयहीनता के कारण इन आवासों का लाभ पात्र परिवारों तक नहीं पहुंच सका। उन्होंने कहा कि अब वर्तमान सरकार पारदर्शी और चरणबद्ध तरीके से आवंटन प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त अंतिम निरीक्षण किया जायेगा और उनके सुझावों के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्री तथा वरिष्ठ नेतृत्व से अंतिम मार्गदर्शन प्राप्त कर आवंटन प्रक्रिया शुरू की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित