श्रीगंगानगर , फरवरी 11 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में सूदखोरों कथित दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते व्यवसायी के आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि नोहर पुलिस के अनुसार कैटरिंग व्यवसाय चलाने वाले गौतम शर्मा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में वीरेंद्र बेनीवाल को गिरफ्तार किया गया है। वीरेंद्र के पिता रामकुमार बेनीवाल, जो पूर्व पुलिस कर्मचारी हैं और एक अन्य आरोपी कमल कंदोई फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष दल गठित किया गया है और उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

सोमवार को गौतम शर्मा ने अपने घर के ऊपरी कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृत्यु पूर्व लिखे पत्र में अपनी मौत के लिए वीरेंद्र बेनीवाल, रामकुमार बेनीवाल और कमल कंदोई को जिम्मेदार ठहराया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित