झुंझुनूं , मई 16 -- राजस्थान में झुंझुनू शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड के पास शनिवार को एक व्यक्ति ने सूदखोरी और ठगी से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान वाहिदपुरा हाल रीको निवासी विमल उर्फ विमलेश शर्मा के रूप में हुई है। वह सीकर में नौकरी करता था और रोजाना ट्रेन से आना जाना करता था। आज भी सीकर जाने वाली ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी। जिसमें बैठकर उसे काम पर जाना था, लेकिन वह उसमें नहीं बैठा और दूसरी ओर से आ रही सीकर-रेवाड़ी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास से तीन पेज का मृत्युपूर्व लिखा पत्र मिला। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से महज दो मिनट पहले उसने यही पत्र अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर भी लगाया था।

पुलिस ने बताया कि पत्र में उसने कथित ठगी और सूदखोरी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। पत्र में उसने कुछ लोगों पर शेयर में निवेश के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित