जयपुर , अक्टूबर 03 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में इस बार के अकाल को गत 10 साल का सबसे बड़ा ऐसा संकट बताया है और कहा है कि जोधपुर, बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर सहित राज्य के अन्य कई हिस्सों में सूखे जैसे हालत हैंऔर इसके मद्देनजर राज्य सरकार को तुरंत हरकत में आकर प्रदेशभर के लिए एक व्यापक आकस्मिक कार्ययोजना बनाकर स्वीकृतियां जारी करनी चाहिए।
श्री गहलोत ने शनिवार को अपने बयान में यह मांग करते हुए कहा कि जोधपुर जिले में तकरीबन दो हजार गांवों में सूखे जैसे हालात हैं। बाड़मेर के 2460, बालोतरा के 1216 और जैसलमेर के 961 गांव सूखे की चपेट में हैं। पशुओं के चारे का संकट बढ़ता जा रहा है। यही स्थिति पूरे मारवाड़ सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों की भी है। जोधपुर, बाड़मेर, बालोतरा में चारे की कीमतें बढ़ती जा रही हैं, बताया जा रहा है कि चारा 1200 रुपए प्रति मन है और पशुपालकों के लिए इसे लेना उनके बूते से बाहर है, जिससे पशुओं के लिए संकट बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अकाल और सूखे की सबसे अधिक मार मूक पशुओं पर पड़ती है। जब चारे की कीमतें बढ़ती जाती हैं, तो पशुपालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और कई बार वे पशुओं को खुले में छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे हालात में प्यास और भूख से तड़पते पशुओं की कई बार जान तक चली जाती है। इसलिए सरकार को तत्काल प्रभाव से चारे की बढ़ती कीमतों पर रोक लगानी चाहिए और प्रदेशभर में चारे एवं पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए मजदूरी और रोजगार की तैयारी भी अभी से शुरू की जानी चाहिए ताकि सूखे से प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि बाड़मेर में अभी दो दिन पहले मुख्यमंत्री ने जो घोषणाएं की थीं, बताया जा रहा है कि 48 घंटे बाद भी प्रशासन को सरकार से लिखित स्वीकृति का इंतजार है। ऐसी ढिलाई से काम नहीं चलेगा, यह बहुत चुनौतीपूर्ण समय हमारे सामने आ रहा है, सरकार को तुरंत हरकत में आकर प्रदेशभर के लिए एक व्यापक आकस्मिक कार्ययोजना बनाकर स्वीकृतियां जारी करनी होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित