भरतपुर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने खटनावाली गांव के सूखे कुएं में छिपाई गई पांच करोड़ रुपए की नामचीन कम्पनियों की दवाइयों के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुख्य आरोपी हिमांशु अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है जो आगरा के मलपुरा क्षेत्र में दवाइयों का बड़ा थोक विक्रेता है।

पुड्डुचेरी में करोड़ो की नकली दवाओं की आपूर्ति के मामले में एक करोड़ की रिश्वत देने की पेशकश को लेकर वर्ष 2025 में गिरफ्तार हो चुके आरोपी हिमांशु की गिरफ्तारी के मामले में औषधि नियंत्रक विभाग के सूत्रों ने बताया कि उत्तरप्रदेश में नकली दवाओं पर की जा रही सख्ती से बचने के लिए राजस्थान में करोडों रुपये की दवाइयां छुपाई गई थी।

उल्लेखनीय है कि भरतपुर के बयाना के खटनावाली गांव के सूखे कुएं से दवाइयों की 274 पेटियां मिलीं थीं। जिनकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपए है। सूखे कुएं से दवाइयां मिलने के बाद भरतपुर के औषधि विभाग की सूचना पर औषधि नियंत्रक उत्तर प्रदेश, औषधि निरीक्षक आगरा और संबंधित निर्माता कंपनियों से साझा की गई जानकारी के बाद उत्तर प्रदेश औषधि विभाग ने आगरा के मलपुरा क्षेत्र में एक बाडे़ से भारी मात्रा में दवाओं का भंडार बरामद किया।

आरोपी के पास इन दवाओं के स्टोरेज और खरीदने-बेचने से संबंधित कोई लाइसेंस भी नहीं मिला। इस मामले में गिरफ्तार सलुआ ऊर्फ मुकीम के मोबाइल फोन से कुछ वीडियो भी मिले जिसमे 27 सितंबर की रात के वीडियो में एक नदी के किनारे दवाओं के ऊपर डीजल डालकर जलाने के वीडियो शामिल हैं।

इस पूरे मामले में अब तक थोक विक्रेता हिमांशु अग्रवाल, इकरार, शामिन, सलुआ, आशीष को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित