कोंडागांव , जून 01 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के ग्राम बड़े कनेरा का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही चमन लाल के नवनिर्मित पक्के मकान में गृह प्रवेश कराया और ज्ञान भारतम् अभियान के अंतर्गत संरक्षित लगभग 150 वर्ष पुरानी पांडुलिपियों का अवलोकन किया।

श्री लाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि कच्चे मकान में रहने के दौरान बरसात और खराब मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन पक्का घर मिलने से अब परिवार सुरक्षित और निश्चिंत है। उनका आवास बस्तर संभाग का पहला प्रधानमंत्री आवास है, जहां पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा प्रणाली भी स्थापित की गयी है।

मुख्यमंत्री ने परिवार से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। परिवार की महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि खेती-किसानी के लिए भी शासकीय योजनाओं से सहायता प्राप्त हो रही है।

श्री साय ने दौरे के दौरान ग्राम निवासी रामूराम यादव से मुलाकात कर उड़िया भाषा में लिखित लगभग 150 वर्ष पुरानी आठ पांडुलिपियों का अवलोकन किया। उन्होंने इनके संरक्षण के लिए परिवारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी धरोहरें हमारी सांस्कृतिक पहचान और ज्ञान परंपरा की अमूल्य निधि हैं।

संरक्षकों ने बताया कि पांडुलिपियों में पंजी, पुराण, पंचांग और चक्रकूट पंचांग जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथ शामिल हैं, जिनका उपयोग पारंपरिक ज्ञान और धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाता रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित