मऊ , जून 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद मुख्यालय पर भव्य "विकास प्रदर्शनी" का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि यह प्रदर्शनी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
प्रदर्शनी में उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन सहित अन्य प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। इसके अलावा मऊ जनपद में सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को मॉडल और फोटो गैलरी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए योजनाओं से हुए लाभ की जानकारी दी। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित