जयपुर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं का पंचायत चुनावों में संगठन को मजबूत करने और पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा है कि सरकार के सुशासन एवं विकास कार्यों से कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का जवाब देना चाहिए।

श्री शर्मा शुक्रवार को यहां जयपुर, दौसा एवं सवाईमाधोपुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में पूरी शक्ति और समर्पण के साथ जुटें और सौ प्रतिशत सफलता के लक्ष्य के साथ काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आज तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व भारत की ओर आशा के साथ देख रहा है। ऐसे समय में भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में ऐसा नेतृत्व है, जो राष्ट्र के विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि यह संकल्प गांव-गांव तक पहुंचे, क्योंकि कार्यकर्ता केवल संगठन का हिस्सा ही नहीं, बल्कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद गांव और गरीब की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया। कांग्रेस की राजनीति केवल चुनावी वादों और तुष्टिकरण तक सीमित रही जबकि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के भ्रम और नकारात्मक राजनीति का जवाब सरकार के सुशासन और विकास कार्यों के माध्यम से दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित