सुल्तानपुर लोधी , जून 25 -- पंजाब में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत गुरुवार से कर दी गयी।
इस संबंध में एसडीएम-सह-इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) जसजीत सिंह ने गुरुवार को क्षेत्र के निवासियों को अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आज से पहले से भरे हुए गणना एवं सत्यापन फॉर्म (प्री-फिल्ड एन्यूमरेशन फॉर्म) घर-घर पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह कार्य बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में 195 बीएलओ और 16 सुपरवाइजर नियुक्त किये गये हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और न ही किसी वास्तविक मतदाता को परेशान किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल मतदाता सूची को सही, पूर्ण और अद्यतन बनाना है।
श्री सिंह ने लोगों से अपील की कि जब बीएलओ उनके घर या मोहल्ले में आयें, तो उन्हें पूरा सहयोग दें, सही जानकारी उपलब्ध करायें और आवश्यक दस्तावेज दिखायें। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बीएलओ फॉर्म भरने में भी लोगों की सहायता और मार्गदर्शन करेंगे।
ईआरओ ने विशेष रूप से कहा कि फॉर्म प्राप्त करना, उसे सही ढंग से भरना और हस्ताक्षरित फॉर्म निर्धारित समय सीमा के भीतर बीएलओ को वापस सौंपना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से इस प्रक्रिया में देरी न करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर सहयोग मिलने से मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारू रूप से और तय समयावधि में पूरा किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित