सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला) , जुलाई 25 -- पंजाब में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों (एन्यूमरेशन फॉर्म) के डिजिटाइजेशन का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हो गया है।

एसडीएम एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) जसजीत सिंह ने शनिवार को बताया कि 25 जुलाई 2026 तक की स्थिति के अनुसार विधानसभा क्षेत्र के कुल 1,46,682 मतदाताओं का रिकॉर्ड पूरी तरह अपडेट कर लिया गया है। इनमें से 1,33,066 गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया गया, जबकि शेष 13,616 मतदाताओं को मृत्यु, स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरण, अन्य स्थान पर नाम दर्ज होना, पता न चलना, लंबे समय से अनुपस्थित रहने अथवा अन्य वैध कारणों के आधार पर 'अनकलेक्टेबल' श्रेणी में दर्ज किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र के सभी 195 मतदान केंद्रों पर डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी तरह संपन्न हो गया है।

जसजीत सिंह ने इस उपलब्धि पर पूरी चुनाव प्रबंधन टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), सहायक बीएलओ, सुपरवाइजरों तथा अभियान से जुड़े सभी कर्मचारियों की अथक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से गुरविंदर सिंह का उल्लेख किया, जिन्हें उपायुक्त कपूरथला ने एसडीएम कार्यालय में एसआईआर कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी और जिन्होंने पूरे अभियान का प्रभावी समन्वय किया।

जसजीत सिंह ने बताया कि बीएलओ ने बार-बार घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया, सुपरवाइजरों ने प्रत्येक बूथ की नियमित समीक्षा की, कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सभी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया, जबकि कॉलिंग टीम लगातार मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाती रही ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाये। उन्होंने कहा कि कई सप्ताह तक लगातार निगरानी, सूक्ष्म योजना और टीमवर्क के कारण यह लक्ष्य हासिल किया जा सका। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रवासी परिवारों का पता लगाना, राज्य से बाहर रहने वाले मतदाताओं से संपर्क करना तथा मृत या लापता मतदाताओं का सत्यापन जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस कार्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सरपंचों, नगर परिषद पार्षदों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

एसडीएम ने पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा तथा उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश बंसल का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व एसडीएम अमनपाल सिंह के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा तैयार की गयी मजबूत आधारशिला इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण रही। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे पुनरीक्षण प्रक्रिया के अगले चरण में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर मानवीय हस्तक्षेप होने के कारण अनजाने में कुछ त्रुटियां संभव हैं। इसलिए मतदाता अतिरिक्त/अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (एएसडीडी) सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें और यदि अपना या किसी परिचित का नाम गलत तरीके से दर्ज हो तो इसकी सूचना संबंधित बीएलओ, सुपरवाइजर या एसडीएम कार्यालय, सुल्तानपुर लोधी को दें।

जनसुविधा के लिए एएसडीडी सूची सभी पंचायत घरों, बीडीपीओ कार्यालयों, नगर परिषद कार्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रदर्शित की जाएगी। यह सूची जिला प्रशासन कपूरथला की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी जांच एवं सुझाव के लिए उपलब्ध करायी जाएगी।

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश बंसल ने पूरी चुनाव प्रबंधन टीम को बधाई देते हुए कहा कि सुल्तानपुर लोधी में गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुशासित, समर्पित तथा समन्वित कार्यशैली का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित