फगवाड़ा , नवंबर 1 -- सुल्तानपुर लोधी-भुसोवाल मार्ग पर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के पास ब्यास नदी से रविवार को 18 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव भागो अराइयां निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 12 से 13 दिनों से लापता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप सिंह के लापता होने से पहले उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की गई थी और उस पर गंभीर आरोप भी लगाए गए थे। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। अब नदी से शव मिलने के बाद उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले में सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने मृतक के दादा के बयान के आधार पर चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। युवक की मौत का वास्तविक कारण और उससे पहले हुई घटनाओं का क्रम अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित