कपूरथला , जुलाई 10 -- पंजाब में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी की अनाज मंडी में गुरुवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक 23 वर्षीय युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान सनी (23) पुत्र सुभाष निवासी गांव मौजू खेड़ा, जिला सिरसा (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सनी अनाज मंडी में एक आढ़ती के प्लेटफॉर्म पर मौजूद था, तभी अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से मंडी में अफरा-तफरी मच गयी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डल्ला पुलिस चौकी प्रभारी जसजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की डॉ अर्पण कौर ने बताया कि घायल युवक को देर रात गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे उन्नत उपचार के लिए कपूरथला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस दुस्साहसिक फायरिंग की घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद घटना के कारणों तथा आरोपियों के बारे में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित