नैनीताल , मार्च 12 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर के सुल्तानपुर पट्टी में पर्यावरण मित्रों की हड़ताल के कारण शहर में फैली गंदगी को लेकर दायर जनहित याचिका पर गुरुवार को सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने नगर पंचायत को समस्या के जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं।
मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश मनोज गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ में हुई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए एक सप्ताह बाद की तिथि निर्धारित की है।
सुल्तानपुर पट्टी निवासी साजिद हुसैन द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि स्थानीय नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी विगत सात मार्च से हड़ताल पर हैं, जिसके कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। सड़कों और गलियों में फैली गंदगी के चलते मानव जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
याचिका में यह भी कहा गया कि गर्मियों के मौसम में गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसलिए नगर पंचायत को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए जाएं ताकि सफाई व्यवस्था जल्द बहाल हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित