पटना , मई 15 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि सुल्तानगंज नगर परिषद् के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार की पत्नी को राज्य सरकार नियमानुसार सरकारी नौकरी देगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी से शुक्रवार को स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार की धर्मपत्नी शालू कुमारी एवं पीड़ित परिवार ने मुलाकात कर परिवार के भरण-पोषण तथा अन्य समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील है और नियमानुसार उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने के साथ अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व राज्य सरकार की ओर से स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार के आश्रितों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

गौरतलब है कि 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित