आरा , मार्च 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि राज्य में सुलभ स्वास्थ्य सुरक्षित जीवन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के लिए जिला एवं प्रखंड के अस्पतालों को विशिष्ट चिकित्सा केन्द्र बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज आरा के कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की नीति लायी जायेगी। मजबूत आधार आधुनिक विस्तार के तहत आधारभूत संरचनाओं को बेहतर किया जायेगा जिसमें शहरों का विकास और नये नियोजित शहरों की स्थापना की जायेगी।
श्री कुमार ने कहा कि पांच नये एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण तथा ग्रामीण सड़कों का 2-लेन चौड़ीकरण किया जायेगा। सभी इच्छुक लोगों के घर की छतों पर सोलर पैनल लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में पर्यटन एवं इको टूरिज्म के विकास पर विशेष जोर दिया जायेगा। पटना में स्पोर्ट्स सिटी का विकास तथा खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जायेगी। सबका सम्मान-जीवन आसान के तहत आधुनिक तकनीक तथा अच्छे प्रशासन के माध्यम से राज्य के सभी नागरिकों के जीवन को आसान बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजपुर में विकास के कई कार्य कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर वीर कुंवर सिंह सेतु का निर्माण कराया गया है। बक्सर से भोजपुर पथ का 4 लेन चौड़ीकरण कराया गया है। सोन नदी पर 6-लेन नये कोईलवर पुल तथा आरा शहर में आर.ओ.बी का निर्माण कराया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय की स्थापना की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित