सुलतानपुर , अप्रैल 05 -- सुलतानपुर में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चांदा थाना क्षेत्र के ढकवा बाईपास के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर में किरन सिंह (50), निवासी नगर छतौना, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल मीरा मिश्रा (48) और छोटे लाल गुप्ता (45) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
किरन सिंह एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं और किसी कार्य से ढकवा बाजार जा रही थीं। जैसे ही ऑटो हाईवे से बाजार की ओर मुड़ा, तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित