सुलतानपुर , जुलाई 04 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत शंभूगंज बाजार में शनिवार देर शाम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए दो ग्रामीणों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शंभूगंज-हनुमानगंज मार्ग पर दो व्यक्ति हाईटेंशन तार के नीचे बैठकर सब्जी बेच रहे थे, तभी तार टूटकर उन पर गिर पड़ा। तार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सकवा गांव निवासी राधेश्याम यादव (55) और गुरु प्रसाद गुप्ता (50) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित