सुलतानपुर , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में सोमवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहली घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कुन्दाभैरोपुर अंडरपास के निकट माइलस्टोन-170 पर हुई जहां तकनीकी खराबी के कारण एक्सप्रेस वे पर खड़ी एक बस का यात्री बस से उतरकर सड़क पर टहल रहा था कि पीछे से आ रहे अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर यूपीडा (यूपीईआईडीए) की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अखण्डनगर थाना पुलिस ने मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर उन्नाव जिले के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम टांडा मीता निवासी सुजीत कुमार (27) के रूप में की।

दूसरी घटना अयोध्या-प्रयागराज हाईवे बाईपास पर कोतवाली देहात क्षेत्र के नकराही गांव के पास हुई। सोमवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे एक स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें गोसाईगंज थाना क्षेत्र के भोंएं गांव निवासी दिवस (12) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अर्जुन (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित