सुलतानपुर , फरवरी 18 -- सुलतानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार दोपहर प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में नाना और उनके नवासे की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अहिमाने बाजार के पास तिवारीपुर निवासी अरविंद श्रीवास्तव अपने नवासे श्रेयांस श्रीवास्तव उर्फ चाहत के साथ बाइक से जा रहे थे। प्राथमिक विद्यालय के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि श्रेयांस अमेठी जिले के पूरे लाला राम प्रसाद गांव के निवासी थे।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली देहात के एसओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित