सुलतानपुर , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के टांडा बांदा हाईवे पर द्वारिकागंज के निकट बुधवार देर शाम एक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक थाना गोसाईगंज अंतर्गत टांडा बांदा हाईवे पर इनायतपुर के पास तीनों छात्र गोसाईगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर, सैदोपट्टी गांव निवासी समीर (19), कटका खानपुर निवासी फैज (18) था अमन (16) कटका बाजार की तरफ से आ रहे थे। तभी एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी जिसमें समीर व फैज की मौके पर ही मौत हो गई तथा अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस की मदद से सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज, सुलतानपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने समीर और फैज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन का इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्र बाजार से अपने घर लौट रहे थे। समीर कक्षा 10 का छात्र था, फैज कक्षा 8 में पढ़ता था, और अमन कक्षा 9 का छात्र है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित