सुलतानपुर , मई 07 -- आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह से जुड़े आचार संहिता उल्लंघन मामले में सुलतानपुर दीवानी न्यायालय स्थित की एमपी-एमएलए कोर्ट में गुरुवार को मामले के विवेचक के उपस्थित न होने के कारण सुनवाई टल गई। अगली पेशी के लिए न्यायालय ने 14 मई की तारीख नियत की है।
आप नेता संजय सिंह के अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि यह मुकदमा बंधुआ कला थाने में दर्ज किया गया था और इसका ट्रायल कोर्ट में चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में लगभग सभी साक्ष्य पूरे हो चुके हैं। गुरुवार को विवेचक की गवाही होनी थी, लेकिन उनके न्यायालय में उपस्थित न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 मई की तारीख तय की है। इस दिन विवेचक की गवाही दर्ज होने की संभावना है, जिसके बाद ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
यह मामला बंधुआकला क्षेत्र में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित है। घटना 13 अप्रैल 2021 की है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकलां थाने के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी।
पुलिस ने इस संबंध में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित