सुलतानपुर , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थानाक्षेत्र स्थित मीरापुर गांव में शनिवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राम तेज के रूप में हुई है। उनका शव घर के पीछे बाउंड्रीवॉल के पास खून से लथपथ मिला। इस हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुड़वार थानाक्षेत्र स्थित मीरापुर गांव निवासी राम तेज अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने घर के पीछे खून फैला देखा, जिसके बाद राम तेज का शव बरामद हुआ। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कुड़वार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। पुलिस ने शव के पास से एक ईंट और एक कुल्हाड़ी बरामद की है। आशंका है कि इन्हीं हथियारों से बुजुर्ग पर हमला किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित