सुलतानपुर , जून 2 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले की जयसिंहपुर तहसील में एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और पूरे दिन इस घटना की चर्चा होती रही।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि अयोध्या की एंटी करप्शन टीम को जयसिंहपुर तहसील में तैनात लेखपाल विवेक वर्मा के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। बताया गया कि मंगलवार को पीढ़ी चौराहे के पास जैसे ही लेखपाल ने शिकायतकर्ता से कथित रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से निगरानी कर रही एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद लेखपाल को पूछताछ के लिए कूरेभार थाने ले जाया गया, जहां मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जयसिंहपुर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रभात सिंह ने लेखपाल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई एंटी करप्शन टीम द्वारा की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी लेखपाल के खिलाफ पूर्व में भी रिश्वतखोरी और कार्यों के बदले धन उगाही की शिकायतें सामने आती रही थीं, हालांकि उन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इस बार की कार्रवाई के बाद तहसील कर्मचारियों में हलचल का माहौल देखा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित